सोजत | प्रेमी की मदद से ब्लैकमेलिंग करती थी महिला, कई लोगों से रुपए वसूले

सोजत | प्रेमी की मदद से ब्लैकमेलिंग करती थी महिला, कई लोगों से रुपए वसूले

sojat

प्रेमी की मदद से ब्लैकमेलिंग करती थी महिला, कई लोगों से रुपए वसूले

सोजत सिटी में 65 साल के रामचंद्र माली के आत्महत्या प्रकरण में पुलिस ने आरोपी महिला ममता सरगरा, उसके प्रेमी दिलेर खान व दोस्त मनीष गोस्वामी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

सोजत थाना प्रभारी गौरव अमरावत ने बताया कि हालांकि अभी तक इस गिरोह के बारे में किसी और पक्ष ने शिकायत नहीं की है, लेकिन प्रारंभिक छानबीन में पता चला है कि आरोपी महिला ने अपने प्रेमी व अन्य लोगों की मदद से कुछ और लोगों को भी ब्लैकमेल कर रुपए वसूले हैं, जिनके बारे में पता लगाया जा रहा है।



पुलिस ने गुरुवार को भी लोगों से अपील की है कि ऐसे गिरोह से पीड़ित लोग डरने के बजाय शिकायत दर्ज कराएं, ताकि आरोपियों के खिलाफ और ज्यादा प्रभावी कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने इन तीनों आरोपियों के खिलाफ मंगलवार रात ही ब्लैकमेलिंग के आरोप में मामला दर्ज किया था। बुधवार सुबह आरोपियों द्वारा दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने से आहत होकर वृद्ध रामचंद्र माली द्वारा आत्महत्या करने के बाद पुलिस ने इस केस में आईपीसी की धारा 306 भी जोड़ी है। तीनों आरोपियों को पुलिस ने ब्लैकमेलिंग व वृद्ध को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के मामले में गिरफ्तार किया है।



उल्लेखनीय है कि 65 वर्षीय रामचंद्र माली सोजत कस्बे में जैन धर्मशाला में मुनीम थे। मंगलवार देर शाम कस्बे की ममता अपने प्रेमी दिलेर खान, दोस्त मनीष गोस्वामी व एक अन्य युवक के साथ वृद्ध के पास पहुंची। महिला ने दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर वृद्ध से 2 लाख रुपए मांगे थे। आरोपियों ने वृद्ध के साथ अभद्र व्यवहार भी किया, जिसके बाद मौके पर जमा हुए लोगों ने आरोपियों को फटकारते हुए पुलिस को बुलाया था। पुलिस ने रात को आरोपियों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया था, लेकिन उसी रात घर जाकर आरोप से आहत वृद्ध ने फंदा बना आत्महत्या कर ली।

post a comment